मध्य प्रदेश: 21 दिन के लॉकडाउन का पहला दिन / इंदौर-उज्जैन में संक्रमित मिलने के बाद कर्फ्यू, नवरात्रि के पहले दिन मैहर शक्तिपीठ का दरबार सूना





मध्य प्रदेश में बुधवार को इंदौर और उज्जैन में भी कोरोनावायरस के संक्रमित मरीज मिले। इसके बाद दोनों जगहों पर कर्फ्यू लगा दिया गया। इससे पहले जबलपुर, भोपाल, ग्वालियर और शिवपुरी में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद प्रशासन ने शहर में कर्फ्यू लगाया था। बुधवार को सुबह से दूध और राशन खरीदने के लिए लोग सड़कों पर निकले। 9 बजे के बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाई और सभी को घर भेजा। मध्य प्रदेश में अब तक 15 कोरोना संक्रमित मिले हैं। 







सतना जिले का मैहर शक्तिपीठ बुधवार सुबह चैत्र नवरात्रि के पहले दिन भक्तों से सूना रहा। आम दिनों में यहां हजारों लोग पहुंचते हैं। कलेक्टर ने मंदिर को पहले ही 31 मार्च तक बंद करने के आदेश दिए थे। अब 21 दिन का लॉकडाउन होने के बाद आगे भी मंदिर के पट बंद रहेंगे। इधर, भोपाल में मिली कोरोना पॉजिटव युवती के संपर्क में भिंड का एक युवक 2 दिन तक रहा। इसके बाद वह भिंड लौट आया। यहां वह घर से बाहर नहीं निकल रहा था। उसने यह बात अपने दोस्तों को बताई। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया और अस्पताल में भर्ती कराया है। सागर में एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसमें व्यक्ति की मौत पर अंतिम यात्रा में लोग सैनिटाइजर लेकर जा रहे हैं। अंतिम यात्रा में लोग शामिल नहीं हुए, केवल परिजन ही अर्थी लेकर श्मशान घाट पहुंचे। 


मंगलवार शाम पूरे देश में 21 दिन का लॉकडाउन किए जाने की घोषणा के बाद प्रदेशभर में लोग दुकान और पेट्रोलपंप पर पहुंच गए। बुधवार को भी सुबह से राशन की दुकानों में लोग पहुंचे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की जनता से अपील की है कि आगामी 21 दिन प्रदेश सरकार आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करेगी। रोजमर्रा की चीजें आपको उपलब्ध कराई जाएंगी, इसकी चिंता ना करें। कलेक्टर्स को आदेश दिए गए हैं।


होशंगाबाद में कर्फ्यू जैसे हालात 
होशंगाबाद में मुंबई से आई कोरोना की संदिग्ध मरीज को जांच के लिए रेफर किया गया है। परिजन ने बताया कि युवती आज ही यहां बनखेड़ी लौटी है। जिले में कर्फ्यू जैसे हालात हैं। चैत्र नवरात्रि होने के बावजूद मंदिर सूने हैं। लोगों ने घर में ही रहकर पूजा-पाठ किया। शहर के नर्मदा घाटों पर भी लोग नहीं पहुंचे। 
 


उज्जैन में अगले आदेश तक कर्फ्यू


कोरोनावायरस से संक्रमित एक युवती के मिलने के बाद उज्जैन में कर्फ्यू लगा दिया गया है। कलेक्टर शशांक मिश्र ने धारा 144 के तहत अगले आदेश तक उज्जैन नगर निगम सीमा क्षेत्र में कर्फ्यू लगाया है। जिले के अन्य नगर, कस्बों में लॉकडाउन जारी रहेगा। कर्फ्यू से स्वास्थ्य विभाग के अमले, निजी चिकित्सा के अमले, पुलिस बल, कार्यपालक मजिस्ट्रेट, शासकीय कार्य पर उपस्थित होने वाले आवश्यक सेवा के अमले, एंबुलेंस सेवा, आवश्यक वस्तुओं को घर पहुंचाने की सेवा में लगे कर्मचारी, रसोई गैस सिलेंडर वितरण करने वाले को छूट दी गई है। 


जबलपुर में राशन-सब्जी की दुकानें खुलीं 


जबलपुर में बुधवार की सुबह से राशन-सब्जी की दुकानें खुलीं और लोग पहुंचे। जबलपुर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 6 हो गई है। इसके बाद से कर्फ्यू लगा दिया गया था। बुधवार को पुलिस का सड़कों पर पहरा है। बस स्टैंड पर बसों को रोक दिया गया है। रोड पर निकलने वालों को घर जाने के लिए कहा जा रहा है।
 


शिवपुरी में कर्फ्यू लगाया 
कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद शिवपुरी में कर्फ्यू लगाया गया है। ग्वालियर-चंबल संभाग के बाकी जिलों में लॉकडाउन है। ग्वालियर में कोरोना पॉजिटव मरीज मिलने के बाद राज्य सरकार ने गजराराजा मेडिकल कॉलेड की डीन डॉ. सरोज कोठारी को लापरवाही बरतने के आरोप के चलते हटा दिया है। उनकी जगह डॉ. अशोक मिश्रा को कमान सौंपी गई है। ग्वालियर का मरीज खजुराहो से लौटा था। उसने डीन को बताया था कि खजुराहो में वो किसी विदेशी पर्यटक के संपर्क में आया था।
 


खजुराहो में घर से निकलने पर लगवाई कान पकड़कर उठक-बैठक


लॉकडाउन से पूरा देश प्रभावित हैं, वहीं खजुराहो में घर से बाहर निकलने पर दोपहिया वाहन का चालान काटा गया, इसके बाद कान पकड़कर उठक-बैठक कराई गई है। पूरे शहर में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों को ऐसी ही सजा दी जा रही है।